हिसार (हरियाणा): 22 नवंबर (ए) हरियाणा में हिसार के भोजराज गांव में एक सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान, गलती से एक टैंक के नीचे आ जाने से सेना के दो जवानों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार को हुई।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान धूल उड़ने की वजह से टैंक चालक को कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।
बयान के मुताबिक इस वजह से, टैंक उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार के ऊपर से गुजर गया। ये दोनों ही टैंक के आगे की तरफ मौजूद थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल हिसार सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दी गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
