पिकअप की टक्कर से ई-रिक्शा सवार तीन लोगों की मौत, पांच घायल

उत्तर प्रदेश बाराबंकी
Spread the love

बाराबंकी (उप्र): 22 नवंबर (ए) बाराबंकी जिले के देवा क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार वाहन और ई-ऑटो रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो जाने पर एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार जिले के रामपुर मथुरा थानाक्षेत्र के कुछ ग्रामीण रोजगार के सिलसिले में मुंबई जाने के लिए घर से निकले थे और वे ट्रेन पकड़ने के लिये ई-रिक्शा में सवार होकर फतेहपुर कस्बे से बाराबंकी जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि रास्ते में फतेहपुर-देवा मार्ग पर सलारपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसके चालक समेत सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से दो लोगों को मृत घोषित कर दिया तथा एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राजकुमार (29), राम विलास (24) और सोनी (35) के रूप में हुई है।

सूत्रों ने बताया कि पांच अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने बताया कि वाहन चालक अंकित मौर्य को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है।