शादी समारोह में जा रही कार खाई में गिरी, तीन लोगों की मौत, पांच घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

चमोली: 22 नवंबर (ए) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार को शादी समारोह में जा रही एक कार के खाई में गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा अपराह्न करीब एक बजे अर्जुन मोड़ के पास हुआ। कुर्छोला से जखोली की ओर जा रही ईको कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), जिला आपदा मोचन बल (डीडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कार चालक और कुर्छोला गांव के निवासी विजय सिंह पंवार (41) तथा टेला गांव की निवासी बसंती देवी (52) और सुनीता देवी (35) के रूप में हुई है।

कुन्याली गांव के निवासी सतपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दो नाबालिग लड़कियों (13 और 15 वर्ष) समेत चार अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।

बचाव अभियान की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचने वाले अधिकारियों में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी शामिल थे।