इस्तांबुल में सात मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, सात लोग मलबे में फंसे

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

इस्तांबुल: आठ अक्टूबर (एपी) इस्तांबुल में सात मंजिला इमारत का एक हिस्सा बृहस्पतिवार को ढह गया, जिससे छह वर्षीय बच्चे समेत कम से कम सात लोग मलबे में फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इमारत ढहने की वजह तत्काल पता नहीं चल सकी और मामले की जांच की जा रही है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए अभियान चला रहे हैं, जबकि इमारत के और हिस्से ढहने की चेतावनी दी गई है।

इस्तांबुल के एशियाई हिस्से में माल्टेपे जिले में तड़के इमारत की निचली तीन मंजिलें ढह गईं जिसमें भूतल पर स्थित एक दुकान भी शामिल थी। इस्तांबुल शहर बोस्फोरस जलडमरूमध्य से दो हिस्सों में बंटा हुआ है।

इस्तांबुल के गवर्नर दावुत गुल ने बताया कि ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बचाव दल ने मलबे से पांच और लोगों को निकाल लिया। सात अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास जारी है।

गुल ने बताया कि बचावकर्मियों का मलबे में फंसे छह वर्षीय बच्चे से संपर्क हो गया था, लेकिन मौजूदा स्थान से वे बच्चे तक नहीं पहुंच पा रहे थे और अब दूसरे रास्ते से वहां पहुंचने की कोशिश कर रहे है।

उन्होंने चेतावनी दी कि इमारत के और ढहने का खतरा है, जिससे बचाव अभियान में बाधा आ रही है। गवर्नर ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया है।

इस्तांबुल और तुर्किये के अन्य हिस्सों में शहरी परिवर्तन कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पुरानी और भूकंप के लिहाज से जोखिम वाली इमारतों को हटाकर उनकी जगह सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।