आगरा के एक होटल पर पुलिस का छापा, अवैध ढंग से ठहरे नौ जोड़े पकड़े गए

आगरा उत्तर प्रदेश
Spread the love


आगरा, 01 फरवरी (ए)। यूपी के आगरा में बिचपुरी मार्ग पर ओम फैक्टरी के सामने स्थित होटल एआर पैलेस में सोमवार को पुलिस की हुई छापामारी से हडकंप मच गया। इस दौरान पुलिस ने एक-एक करके कमरे के दरवाजे खटखटाए। अंदर से चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए युवतियां अपने प्रेमियों के साथ बाहर निकलीं। ज्यादातर लड़कियां, छात्राएं थीं। कोई कोचिंग के बहाने घर से निकली थी तो कोई कॉलेज जाने के लिये बोलकर आई थी। पुलिस ने होटल के चार कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। होटल संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीओ लोहामंडी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि बिचपुरी चौकी प्रभारी अवनीश त्यागी को सूचना मिली कि होटल एआर पैलेस में नियम विरुद्ध युवक-युवतियों को घंटों के हिसाब से किराए पर कमरा दिया जाता है। रजिस्टर में उनकी एंट्री तक नहीं की जाती है। होटल में देह व्यापार भी होता है। इसी सूचना पर पुलिस ने होटल में दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही होटल में खलबली मच गई। कई युवक-युवतियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके से नौ प्रेमी जोड़ों को हिरासत में लिया। चार कर्मचारियों को भी पकड़ा गया। बस द्वारा सभी को जगदीशपुरा थाने लेकर आया गया।
पुलिस ने होटल का रजिस्टर चेक किया तो उसमें सिर्फ दो लोगों की एंट्री मिली। अन्य सभी को घंटों के हिसाब से बिना आईडी लिए कमरा दिया गया था। महिला पुलिस कर्मियों ने युवतियों से बातचीत की। ज्यादातर आगरा की निवासी थीं। छात्राएं हैं। कोई कोचिंग के बहाने अपने प्रेमी से आई थी। तो कोई युवती सीधे कॉलेज से प्रेमी के साथ होटल में आ गई थी। सभी युवतियां पुलिस के हाथ-पैर जोड़ने लगीं। यह कहने लगीं कि उनकी बदनामी हो जाएगी। पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। सिर्फ परिजनों को बुलाया जाएगा। ताकि उनकी जानकारी में रहे कि बेटियां क्या कर रही हैं। कल कोई वारदात होती है तो पुलिस पर आरोप लगते हैं। वहीं युवकों ने भी पुलिस के हाथ-पैर जोड़े। अपने भविष्य का दुहाई दी। दो से तीन युवकों तो यहां तक बोले कि उनकी शादी होने वाली है। मिलने आए थे।
एक युवती दूसरे जिले की निवासी है। वह रविवार को सी टेट की परीक्षा देने आगरा आई थी। अपने सहेली के घर रुकेगी यह कहकर होटल में अपने प्रेमी के साथ आई हुई थी। उसके पास से पुलिस को सी टेट का प्रवेश पत्र मिला। पुलिस ने घरवालों का नंबर मांगा तो वह रोने लगी।
सीओ लोहामंडी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि होटल मालिक कौन है। कर्मचारियों से पूछताछ में मालिक के रूप में दो नाम सामने आए हैं। दो कर्मचारियों का कहना है कि होटल मालिक अजय चौधरी है। वहीं दो कर्मचारियों ने मालिक का नाम गजेंद्र चौधरी बताया। होटल के खिलाफ सराय एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। विधिक राय ली जा रही है। होटल का लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जाएगी। कानूनन भी कार्रवाई के लिए विधिक राय ली गई है। कर्मचारियों को हिरासत में रखा जाएगा। उनके खिलाफ कोई न कोई मुकदमा लिखा जाएगा।