कोलोन (जर्मनी): 14 अक्टूबर (ए) जर्मनी में पुलिस ने एक किशोरी से अश्लील हरकत करने वाला रोबोट जब्त कर लिया है और इसे संचालित करने के मामले में दो युवकों की भूमिका की जांच शुरू की है।
पुलिस का कहना है कि दो युवकों द्वारा नियंत्रित एक रोबोट ने 16 वर्षीय लड़की के अंगों को छुआ और अश्लील हरकतें कीं।पश्चिम जर्मनी के कोलोन शहर में पुलिस ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई इस घटना के बाद कार्रवाई की। बताया जाता है कि रोबोट के कथित 16 वर्षीय मालिक और उसके 19 वर्षीय साथी ने इस घटना को फिल्माया था।
आरोप है कि दोनों ने इस घटना का ऑनलाइन प्रसारण भी किया और इस पर टिप्पणियां कीं।
कोलोन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टोफर बर्मेल ने कहा कि दोनों युवकों पर अभी आरोप तय नहीं किए गए हैं, लेकिन उन्हें संदिग्ध माना जा रहा है। जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि रोबोट की हरकतें पहले से प्रोग्राम की गई थीं या उसे वास्तविक समय में नियंत्रित किया जा रहा था।
बर्मेल ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, “हम अब तक इस तरह की घटना से परिचित नहीं थे। यह हमारे लिए बिल्कुल नया मामला है।”
कोलोन पुलिस ने सोमवार को एक बयान में बताया कि फास्ट फूड रेस्तरां के पास घटनास्थल पर भेजे गए आपातकालीन दलों को रोबोट एक वाहन की डिक्की में मिला। पुलिस ने रोबोट और दोनों युवकों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
इंटरनेट पर प्रसारित वीडियो में दो युवक रात को भरी सड़क पर रोबोट को महिलाओं के एक समूह की ओर ले जाते दिखाई देते हैं। रोबोट एक महिला से टकराता है और अन्य महिलाओं को गले लगाता है।
वीडियो में एक युवक रोबोट की अश्लील हरकतों के बाद उसे बार-बार चिल्लाकर पीछे खींचता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग इस दौरान हंसते नजर आते हैं।
पुलिस ने मंगलवार को अपने फेसबुक पेज पर अनुचित टिप्पणियों की आलोचना की। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं को लेकर मजाक करना या उनसे संबंधित सामग्री साझा करना पीड़ित पर पड़ने वाले प्रभाव को और गंभीर बना सकता है।
