30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए ‘रिमांड होम’ अधीक्षक पकड़ा गया, हिरासत में

राष्ट्रीय
Spread the love

बीड: अप्रैल 14 (ए)) महाराष्ट्र के बीड जिले में सरकार द्वारा संचालित ‘बाल सुधार गृह’ के अधीक्षक को एक निजी एजेंसी के सुरक्षा गार्ड से आधिकारिक कार्य के लिए कथित तौर पर 30,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। भ्रष्टाचार-निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

भ्रष्टाचार-निरोधक ब्यूरो की जालना इकाई ने बाल सुधार गृह के अधीक्षक कपिल भीमराव कांबले (43) को पलवान चौक इलाके में सोमवार की शाम रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

एक अधिकारी ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई एक सुरक्षा गार्ड द्वारा दर्ज की गई उस शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि बाल सुधार गृह में ड्यूटी ज्वॉइन करने के बाद आरोपी अधिकारी ने आधिकारिक कार्यों को सुगम बनाने के लिए 45,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसमें उसकी उपस्थिति रिपोर्ट कंपनी को भेजना और उसकी नियुक्ति आदेश जारी कराने में सहायता करना आदि शामिल था।उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसीए) के अन्तर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।