आर पी एन सिंह का कांग्रेस से इस्तीफा, होंगे भाजपा में शामिल

राष्ट्रीय
Spread the love


नई दिल्ली, 25 जनवरी (ए)। कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। कुशीनगर में पडरौना राजघराने से आने वाले आरपीएन सिंह आज ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। आरपीएन सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजने के साथ ट्विटर पर यह भी ऐलान कर दिया है कि वह नए सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं। बीजेपी ने भी यह कहकर संकेत दे दिया है कि आज दोपहर 2:30 बजे एक प्रमुख शख्सियत पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
आरपीएन सिंह ने ट्वीट किया, ”आज, जब पूरा राष्ट्र गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जयहिंद।”  सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में आरपीएन सिंह ने लिखा है कि वह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने राष्ट्र और लोगों की सेवा करने का मौका देने के लिए सोनिया गांधी को धन्यवाद भी दिया है। 

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने आरपीएन सिंह के बीजेपी में शामिल होने की पुष्टि की है। बीजेपी में आरपीएन सिंह की भूमिका को लेकर दो तरह की खबरें सूत्रों के हवाले से आ रही है। कुछ सूत्रों का कहना है कि आरपीएन सिंह कुशीनगर के पडरौना सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा की ओर से राज्यसभा भेजा जा सकता है। उनके दो करीबी नेताओं को विधानसभा चुनाव में भाजपा का टिकट दिया जाएगा।