सेंट पीटर्सबर्ग, पांच जून (ए) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि मॉस्को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रस्ताव के आधार पर यूक्रेन के साथ समझौता करने के लिए ‘‘तैयार और इच्छुक’’ है, बशर्ते कीव कुछ ‘‘समझौते’’ करने के लिए तैयार हो। उन्होंने यह दावा भी किया कि रूसी सेना युद्ध के मैदान में अपना प्रभुत्व बनाए हुए है।
प्रमुख वैश्विक समाचार एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बातचीत में, रूसी राष्ट्रपति ने बृहस्पतिवार रात कहा कि मॉस्को यूक्रेनी ड्रोन हमलों का मुकाबला करने के लिए अपनी हवाई रक्षा को मजबूत कर रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘‘रूसी लोगों की देशभक्ति और इच्छाशक्ति’’ यह सुनिश्चित करेगी कि वे यूक्रेन में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें।
इसी से संबंधित एक घटनाक्रम में, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पुतिन को लिखे एक खुले पत्र में युद्ध को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करने के लिए रूसी राष्ट्रपति के साथ आमने-सामने की बैठक का आह्वान किया।
जेलेंस्की ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए पूर्ण युद्धविराम का समर्थन करते हुए कहा कि शांति केवल यूक्रेन और रूस के बीच सीधे संवाद के माध्यम से ही संभव है। वहीं, क्रेमलिन ने पुष्टि की कि उसे पत्र प्राप्त हुआ है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने लिखा, ‘‘यूक्रेन इस युद्ध को हमारे और आपके बीच सीधी बातचीत के माध्यम से समाप्त करने का प्रस्ताव रखता है। मैं एक बैठक का प्रस्ताव कर रहा हूं।’’
इस प्रेस वार्ता में पीटीआई एकमात्र भारतीय मीडिया प्रतिष्ठान था।
पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन को समझौते करने होंगे। उन्होंने विशेष रूप से पिछले साल अगस्त में अलास्का के एंकरेज में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई शिखर बैठक का जिक्र किया।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘निस्संदेह, हम शांतिपूर्ण तरीकों से यूक्रेन के साथ एक समझौते पर पहुंचने के लिए तैयार और इच्छुक हैं – और यह समझौता एंकरेज में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक में हुई चर्चा पर आधारित होगा।’’
उन्होंने विस्तार से बताए बिना कहा, ‘‘उस बैठक में रूस के सामने कुछ सवाल रखे गए ताकि हम कुछ समझौतों पर सहमत हो सकें। रूस उन समझौतों पर सहमत है जिनकी चर्चा एंकरेज में हुई थी। यह आवश्यक है कि यूक्रेन भी इन समझौतों को स्वीकार करे। तब यह संघर्ष स्वाभाविक रूप से और शीघ्रता से हल हो जाएगा।’’
पुतिन ने कहा कि रूसी सेना ने हाल में यूक्रेनी सेना को पीछे धकेलते हुए लगभग 2,440 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है और युद्ध के मैदान में एक भी ऐसी जगह नहीं है जहां रूसी सैनिक आगे नहीं बढ़ रहे हों।
उन्होंने कहा, “हमले प्रतिदिन जारी हैं। फिलहाल, रूसी संघ ने लुहांस्क पीपुल्स रिपब्लिक पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है। रूस ने दोनेत्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के 85 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है। हम ज़पोरिजिया क्षेत्र के 80 प्रतिशत हिस्से पर भी नियंत्रण रखते हैं। यह प्रक्रिया प्रतिदिन जारी है।”
पुतिन ने कहा, ‘‘स्वाभाविक रूप से, इन परिस्थितियों में यूक्रेनी पक्ष चाहेगा कि हम आगे बढ़ना बंद कर दें। लेकिन इसे रोकने के बजाय, एंकरेज में जिन समझौतों पर चर्चा हुई थी, उन्हें मानकर युद्ध को पूरी तरह समाप्त करना बेहतर होगा।’’
उन्होंने इस विचार को भी खारिज किया कि यूरोपीय संघ के देश यूक्रेन के साथ शांति वार्ता में मध्यस्थ के रूप में कार्य कर सकते हैं।
पुतिन ने पूछा, ‘‘रूस उन लोगों पर कैसे भरोसा कर सकता है जो वर्षों से रूस को रणनीतिक रूप से पराजित करने की आवश्यकता पर जोर देते आ रहे हैं?’’
उन्होंने सुझाव दिया कि यूरोपीय संघ कीव को हथियार मुहैया कराने के बजाय यूक्रेन को समझौता करने के लिए राजी करके संघर्ष को सुलझाने में मदद कर सकता है।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘यूक्रेन के साथ बातचीत में यूरोपीय संघ के मध्यस्थ के रूप में काम करने में स्पष्ट कठिनाइयाँ हैं। लेकिन हम संपर्कों को अस्वीकार नहीं कर रहे हैं। अगर वे बात करना चाहते हैं, तो वे जानते हैं कि हमसे कैसे संपर्क करना है।’’
पुतिन ने राष्ट्रपति के रूप में ज़ेलेंस्की की वैधता पर भी सवाल उठाया और कहा कि यूक्रेनी नेता का राष्ट्रपति पद का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।
उन्होंने पूछा, ‘‘वे चुनाव कराएंगे या नहीं? क्या ज़ेलेंस्की यूक्रेन के वैध प्रतिनिधि हैं, यह वकीलों और कानूनी विश्लेषण का विषय है।’’
हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की का आधिकारिक कार्यकाल मई 2024 में समाप्त हो गया था, लेकिन रूस के आक्रमण के बाद घोषित मार्शल लॉ के तहत चुनाव अब भी निलंबित हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने पश्चिम पर यूक्रेन को आधुनिक ड्रोन मुहैया कराने का आरोप लगाया।
पुतिन ने यह भी कहा कि रूस ने अभी तक यूक्रेन के खिलाफ अपनी ‘ओरेश्निक’ हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि नवीनतम हमला परिणामों का अवलोकन करने के लिए हथियार का एक परीक्षण था।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मैं आपको एक सैन्य रहस्य बताता हूं। हमने ठीक उसी जगह हमला किया जहां परिणाम देखना सुविधाजनक था।’’
पुतिन ने कहा कि रूस शहरी क्षेत्रों सहित लक्ष्यों पर ‘ओरेश्निक’ का पूरा उपयोग कर सकता है।
जिनेवा, अबू धाबी और इस्तांबुल में हुई पिछली शांति वार्ताओं के विफल होने के बाद हाल के महीनों में युद्धविराम वार्ता ठप हो गई है। रूस और यूक्रेन के बीच 2022 में शुरू हुआ युद्ध अब तक जारी है।