ताजमहल में जय श्रीराम के नारे के संग फहराया भगवा, हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष समेत 4 पर मुकदमा

आगरा उत्तर प्रदेश
Spread the love


आगरा, 04 जनवरी एएनएस। यूपी के आगरा स्थित ताजमहल परिसर में सोमवार को हिन्दू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों द्वारा भगवा ध्वज फहराकर जय श्रीराम के नारे लगाए तथा शिव चालीसा का पाठ किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। इस बीच नियमों की धज्जियां उड़ाने पर हिन्दू वाहिनी के चार पदाधिकारियों को सीआईएसएफ के जवानों ने दबोच लिया और थाना ताजगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, उन्माद भड़काने के आरोप में चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गौरतलब है कि इससे पहले
ताजमहल में कभी आरती तो कभी गंगाजल छिड़कने की घटनाएं हो चुकी हैं। अब सोमवार को हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर ने अपने साथियों के साथ ताजमहल में भगवा ध्वज फहरा दिया। ये लोग अपनी जेबों में ध्वज रखकर ले गए थे।

इसके बाद रेड सैंड स्टोन प्लेटफार्म से नीचे रखी लाल पत्थर की सीट पर आराम से बैठ गए। इनमें कुछ लोग मास्क लगाए थे तो कुछ बिना मास्क के थे। अपनी जेबों से भगवा ध्वज निकालकर फहराने लगे। हर-हर महादेव और जय श्रीराम के नारे लगाए। कुछ ही देर बाद ताजमहल में भगवा ध्वज फहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। 
जैसे ही चारों पदाधिकारी वहां से हटे तो सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। उनकी आईडी चेक की गई। उसके बाद उन्हें थाना ताजगंज पुलिस को सुपुर्द कर दिया। मामले में सीआईएसएफ की तहरीर पर थाना ताजगंज में हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर, सोनू बघेल, विशेष कुमार, रिषी लवानियां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।