नयी दिल्ली: 17 नवंबर (ए) सऊदी अरब के मदीना में हुई एक बस दुर्घटना में कई भारतीयों के मारे जाने की आशंका है।
जेद्दा स्थित भारतीय मिशन के अनुसार, बस उमराह करने गए भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी।इनमें से अधिकतर तेलंगाना से थे। करीब 40 भारतीय बस में यात्रा कर रहे थे। बस देर रात करीब डेढ़ बजे (भारतीय समयानुसार) कथित रूप से तेल के एक टैंकर से टकरा गई थी। जेद्दा स्थित भारतीय मिशन ने बताया कि उसने सहायता समन्वय के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है.विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने सऊदी अरब के मदीना में एक बस दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। डॉ जयशंकर ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से गहरा सदमा पहुँचा है। रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को पूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।” उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब के मुफ्रिहात इलाके में मक्का से मदीना जा रही बस के डीजल टैंकर से टकराने से अनेक लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कई भारतीयों के भी शामिल होने की खबर है।