जेल में विचाराधीन कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प में कई लोग घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

नाहन (हिमाचल प्रदेश): 16 अगस्त (ए) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नाहन के मॉडल केंद्रीय कारागार में विचाराधीन कैदियों के दो गुटों के बीच हुई झड़प में कई कैदी घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर नाहन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शनिवार रात हुई।

पुलिस ने बताया कि जेल उपाधीक्षक सीता राम की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, झड़प जेल के ‘ए’ ब्लॉक में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात वार्डन मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

शिकायत में कहा गया है कि बड़ी संख्या में कैदियों के शामिल होने के कारण स्थिति को तुरंत काबू में नहीं किया जा सका।

इसके बाद जेल के अतिरिक्त अधिकारियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने काफी प्रयासों के बाद हालात पर नियंत्रण पाया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में कई विचाराधीन कैदियों को चोटें आई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घायलों की कुल संख्या और झड़प के सही कारण का खुलासा नहीं किया है।

सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एन. एस. नेगी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।