लखनऊ , 12 दिसंबर (ए)। उत्तर प्रदेश की खलीलाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक दिग्विजय नारायण चौबे उर्फ जय चौबे और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से हाल ही में निष्कासित किए गए विधायक विनय शंकर तिवारी सहित अन्य नेता रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सभी नेताओं ने सपा ज्वाइन किया। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्वांचल की राजनीति के लिहाज से इसे भाजपा और बसपा के लिए बड़ा झटका तथा सपा के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है। बता दें कि जय चौबे बस्ती मंडल के कद्दावर नेता हैं।
