ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाए जाने के संकेत

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई: नौ अप्रैल (एपी) ईरान की अर्धसरकारी समाचार एजेंसियों ने बृहस्पतिवार को एक ‘चार्ट’ प्रकाशित किया जिससे संकेत मिला कि देश के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने युद्ध के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री सुरंगें बिछाई हैं।

इसे ऐसे संदेश के तौर पर देखा जा रहा है जिसका मकसद अमेरिका पर दबाव बनाना है। यह चार्ट ऐसे समय में प्रकाशित हुआ है जब अमेरिका और इजराइल के साथ हुए दो सप्ताह के युद्धविराम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।  चार्ट में जहाजों द्वारा उपयोग किए जाने वाले मार्ग ‘ट्रैफिक सेपरेशन स्कीम’ पर फारसी भाषा में “खतरे का क्षेत्र” अंकित किया गया एक बड़ा घेरा दिखाया गया है। इसी क्षेत्र में रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा कथित तौर पर बारूदी सुरंगें बिछाई गईं।

चार्ट के अनुसार, जहाजों को लारक द्वीप के निकट ईरान की मुख्यभूमि के करीब उत्तरी मार्ग से गुजरने का सुझाव दिया गया, जिसका युद्ध के दौरान कुछ जहाजों ने पालन भी किया।

इस चार्ट में 28 फरवरी से लेकर बृहस्पतिवार (नौ अप्रैल) तक की अवधि दर्शाई गई है।

यह स्पष्ट नहीं है कि रिवोल्यूशनरी गार्ड ने उक्त मार्ग में बिछाई गई कथित सुरंगों को हटाया है या नहीं। माना जा रहा है कि यह कदम ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच संभावित वार्ता से पहले दो सप्ताह के युद्धविराम के दौरान दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर उठाया गया है।