जिला जेल की तलाशी में छह मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामग्री बरामद

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 30 अक्टूबर (ए) राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला कारागार की आकस्मिक तलाशी के दौरान पुलिस को छह मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामग्री मिली। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के अनुसार, बृहस्पतिवार को जिला कारागार की आकस्मिक तलाशी के दौरान पुलिस टीम को बैरकों में छिपाकर रखे गए छह मोबाइल फोन, डेटा केबल, ईयरबड, ईयरफोन, चार्जर एडाप्टर, तंबाकू और बीड़ी सहित अन्य सामग्री मिली।

उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाए गए थे।

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने जिला कारागार में प्रतिबंधित सामग्री के पार्सल मंगवाने के मामले में बंदी समीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को वारंट के जरिए गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।

आरोप है कि बंदी ने पार्सल के जरिए तंबाकू और मोबाइल फोन मंगवाने की कोशिश की थी, हालांकि जेल कर्मचारियों ने उसकी इस कोशिश को विफल कर दिया।