चंडीगढ़: आठ अक्टूबर (ए) पंजाब पुलिस ने क्यूआर कोड की मदद से पंजाबी ‘सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर’ और ‘मेकअप आर्टिस्ट’ मैड संधू की हत्या में शामिल शूटर का पता लगाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
गुजरात पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में पंजाब पुलिस ने शूटर परमिंदर उर्फ काका को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। वह तीन अक्टूबर को वारदात को अंजाम देने के बाद अहमदाबाद फरार हो गया था। संधू का असली नाम मधुसूदन था। अमृतसर में लोहोरका रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
संधू पर उस समय हमला किया गया जब वह अपनी कार लेने एक दुकान पर गए थे जहां उन्होंने उसे धुलवाने के लिए दिया था। हमलावरों ने उन्हें बेहद करीब से गोली मारी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित पोस्ट में विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
अमृतसर में संवाददाताओं से बातचीत में पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि मामले में पांच अन्य आरोपियों की पहचान परमिंदर के भाई अमनदीप सिंह, बलराज सिंह, विकास सिंह, बलजिंदर सिंह और परमवीर सिंह के रूप में हुई है।
ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए 125 किलोमीटर तक उनका सुराग खोजा।
गिल ने आगे बताया कि विदेशी आकाओं ने अमनदीप के खाते में 16,000 रुपये भेजे थे। पुलिस के अनुसार, उसने इनमें से 11,000 रुपये अपने भाई परमिंदर उर्फ काका को भेजे।
गिल ने कहा कि 5,000 रुपये परमवीर को दिए गए थे, जिसने हमलावर को हथियार और अन्य जरूरी सामान मुहैया कराया था।
अपराध के बाद अमनदीप अपने भाई परमिंदर के संपर्क में था, जो अहमदाबाद भाग गया था।
परमिंदर ने अपने भाई से और पैसे मांगे, लेकिन उसे पता नहीं था कि अमनदीप पुलिस के शिकंजे में आ चुका है।
इसके बाद पुलिस ने अमनदीप से अपने भाई को क्यूआर कोड भेजने को कहा। जैसे ही परमिंदर ने उस कोड को स्कैन किया, पुलिस को अहमदाबाद में उसकी लोकेशन का पता चल गया।
