संजय गांधी अस्पताल लाइसेंस निलंबन के विरोध में कांग्रेस के आंदोलन में सपा भी शामिल

राष्ट्रीय
Spread the love

अमेठी (उप्र), 26 सितंबर (ए) अमेठी में संजय गांधी अस्पताल को बंद करने के विरोध में सोमवार को शुरू हुए कांग्रेस के आंदोलन में मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) भी शामिल हो गई। .

प्रशासनिक फैसले के विरोध में अस्पताल के मुख्य द्वार पर कर्मचारी और डॉक्टर भी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। वहीं दूसरी तरफ एक गर्भवती महिला की मौत के आरोप में अमेठी के एक अन्य निजी अस्पताल का भी लाइसेंस सोमवार को निलंबित कर दिया गया। .

लखनऊ में केंद्रीय मंत्री और अमेठी से भाजपा की सांसद स्मृति ईरानी ने संजय गांधी अस्पताल के लाइसेंस के निलंबन के मामले को लेकर कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मृत महिला के परिवार को सहारा देने की बजाय पार्टी अपना मुनाफा बंद होने पर ‘रो रही’ है।

कांग्रेस और सपा का धरना जहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर हो रहा है, वहीं अस्पताल कर्मचारियों का धरना सीएमओ कार्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर अस्पताल के गेट पर जारी है।

संजय गांधी अस्पताल का लाइसेंस 17 सितंबर को एक महिला मरीज की मौत के बाद निलंबित कर दिया गया था, जिसे 14 सितंबर को एक छोटे से ऑपरेशन के लिए वहां भर्ती कराया गया था। उसके पति ने दावा किया कि उसे एनेस्थीसिया की अधिक मात्रा दी गई थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और अंततः उसकी मृत्यु हो गई।

सोमवार शाम इसी तरह के एक मामले में गर्भवती महिला की मौत के बाद जनता अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया और उसकी ओपीडी सेवाएं भी बंद कर दी गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी अंशुमान सिंह ने कहा कि मृतक महिला के ससुर राम कुमार पांडे ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई है और कथित लापरवाही के लिए जनता अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अतिरिक्त सीएमओ राम प्रसाद के नेतृत्व में तीन डॉक्टरों की टीम ने जांच की थी जिसमें अस्पताल की लापरवाही पाई गई और उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

पांडे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बहू सुमन का 15 सितंबर को प्रसव होने वाला था, जिसके लिए उसे जनता अस्पताल ले जाया गया था।

जांच के दौरान मौजूद एक डॉक्टर ने ‘सिजेरियन’ ऑपरेशन की सलाह दी और उसी दिन मेरी बहू का ऑपरेशन किया गया, हालांकि, करीब डेढ़ घंटे बाद उसकी हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

लेकर भाजपा सांसद वरुण गांधी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने क्रमश: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अलग-अलग पत्र लिखकर फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था।

अमेठी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद स्मृति ईरानी ने संजय गांधी अस्पताल मामले को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर कहा कि ”महिला की मौत अस्पताल व्यवस्था की वजह से हुई। कांग्रेस उस मृत महिला के परिवार को सहारा देने की बजाय, रोगी को मौत के घाट उतारने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय अपना मुनाफा बंद होने पर रो रही है।”

ईरानी ने पूछा, ”क्या अमेठी के एक साधारण नागरिक के जान की कीमत कुछ नहीं है।”

संजय गांधी अस्पताल का संचालन दिल्ली स्थित संजय गांधी मेमोरियल ट्रस्ट करता है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इस ट्रस्ट की अध्यक्ष हैं तथा पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा इसके सदस्य हैं।