श्रीलंका : एयरबस सौदे में पूर्व राष्ट्रपति राजपक्षे को नकद रिश्वत देने का आरोप

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

कोलंबो: 19 मार्च (ए)) श्रीलंका की अदालत में बृहस्पतिवार को बताया गया कि पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे को एयरबस सौदे के तहत छह करोड़ श्रीलंकाई रुपये की घूस दी गई थी। यह दावा 2017 के एयरबस मामले में मुख्य आरोपी कपिला चंद्रसेना ने किया।

वर्ष 2011 से 2015 तक राष्ट्रीय एयरलाइन के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) रहे चंद्रसेना को पिछले सप्ताह इस मामले में गिरफ्तारी के बाद मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजपक्षे को 2015 में राष्ट्रपति रहते हुए उनके ग्रामीण दक्षिण के आवासों में तीन अलग-अलग अवसरों पर हर बार दो दो करोड़ रुपये दिए गए।

पूर्व विमानन मंत्री प्रियंकारा जयरत्ना को भी इस रिश्वत का हिस्सा मिलने का दावा किया गया। चंद्रसेना ने कहा कि उन्हें स्वयं एयरबस से घूस मिली और पैसे उनकी पत्नी के खाते में जमा किए गए। दोनों को 2019 में गिरफ्तार कर जमानत दी गई थी।

श्रीलंका में 2024 में नया भ्रष्टाचार विरोधी कानून लागू होने के बाद, घूस या भ्रष्टाचार मामले की जांच के लिए जांच आयोग (सीआईएबीओसी) ने एयरबस मामले की पुन: जांच की।

वर्तमान नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) सरकार ने 2024 के चुनावों से पहले भ्रष्टाचार समाप्त करने का वादा किया था।