कोलंबो: सात सितंबर (ए) पिछले सप्ताह भारत में घुसने की अपनी कोशिश में नाकाम होकर श्रीलंका लौट जाने पर एक महिला समेत 13 श्रीलंकाई नागरिकों को गिरफ़्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इन लोगों के पास श्रीलंका का पासपोर्ट है। ये लोग पांच सितंबर को देश के उत्तर भाग में कांकेसंथुराई से भारत जाने वाली एक नौका में 100 अन्य यात्रियों के साथ सवार हुए थे।तमिलनाडु के नागपट्टिनम बंदरगाह पर आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें भारत में घुसने की इजाज़त नहीं दी और वापस श्रीलंका भेज दिया। बाद में श्रीलंका की पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि 36 साल की महिला समेत सभी 13 संदिग्ध बेरोजगार हैं।
पुलिस ने कहा कि संदिग्धों से किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि से जुड़े होने के बारे में पूछताछ की जा रही है और उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
कांकेसंथुराई-नागापट्टिनम फेरी (नावसेवा) एक तेज़ रफ़्तार यात्री सेवा है जो भारत के तमिलनाडु और श्रीलंका के जाफ़ना ज़िले को जोड़ती है। यह सेवा चार दशकों के बाद अक्टूबर 2023 में फिर से शुरू की गई थी।
