मेदिकेरी: 29 जनवरी (ए)
) कर्नाटक में महिलाओं के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित करने के आरोप में एक कॉलेज छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कोडगु जिला निवासी मोहम्मद सवाद (21) के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के एक कॉलेज में बीबीए का छात्र है।उसने बताया कि यह मामला तब सामने आया, जब नापोक्लू में रहने वाले एक व्यक्ति ने कोडगु विकास समिति के अध्यक्ष एमएस प्रसन्ना भट को 21 जनवरी को व्हाट्सएप पर संबंधित वीडियो भेजे।
पुलिस के मुताबिक, भट ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि सोशल मीडिया मंचों पर एक युवक और दो महिलाओं से जुड़ी अश्लील तस्वीरें एवं वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वीडियो में एक व्यक्ति को दो अलग-अलग महिलाओं से अलग-अलग मौके पर यौन संबंध बनाते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि ये वीडियो खुद रिकॉर्ड किए गए प्रतीत होते हैं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसी तरह की अश्लील सामग्री सोशल मीडिया मंचों पर व्यापक रूप से प्रसारित की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच से पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति आरोपी छात्र है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर 22 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्द, हावभाव या कार्य) और 294 (अश्लील सामग्री की बिक्री, प्रसार आदि) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।