तांत्रिक ने किया नाबालिग लड़की से बलात्कार

झारखण्ड पश्चिम सिंहभूम
Spread the love

चाईबासा (झारखंड): दो मार्च (ए) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के एक गांव में 57 वर्षीय तांत्रिक ने एक घर में नाबालिग लड़की से कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बलात्कार के एक मामले में पहले भी जेल जा चुके तांत्रिक को सोमवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, तोड़ांगहातु गांव के मुंडासाई निवासी 57 वर्षीय पांडे नाग तंत्र मंत्र के जरिए इलाज का दावा करता है। उसे गांव के एक परिवार ने अपने बीमार बच्चे के इलाज के लिए घर पर बुलाया था। पांडे नाग ने कुछ घंटे तक घर में पूजा-पाठ का ढोंग किया और इसके बाद पूजन सामग्री का विसर्जन करने के लिए पीड़िता की मां और उसके भाई को घर से बाहर भेज दिया। घर पर नाबालिग बच्ची अकेली थी, जिसके साथ उसने दुष्कर्म किया।कुछ देर बाद जब मां और भाई वापस लौटे तो बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना बताई। परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। इस बीच आरोपी मौके से भाग निकला। इस मामले में पीड़िता की मां ने 1 मार्च को जगन्नाथपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया।