छत्रपति संभाजीनगर: 14 अगस्त (ए) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने संस्थापक अभिजीत दीपके के गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करेगी। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ जवाबदेही तय करना है।
इस संबंध में शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत सुबह साढ़े सात बजे संतुक पिंपरी गांव से होगी।दिल्ली से लौटने के बाद यहां पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा, ‘मैं अपने गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करूंगा और वहां के सरपंच से स्थानीय सरकारी विद्यालय की मरम्मत करने तथा यह सुनिश्चित करने का अनुरोध करूंगा कि स्कूल में बेंच और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हों।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने ऐसी कई टीम बनाई हैं जो गांवों में जाएंगी और वहां के लोगों तथा सरपंचों से स्कूलों की स्थिति में सुधार के लिए कदम उठाने का अनुरोध करेंगी, क्योंकि हम यह काम सभी की भागीदारी से पूरा करना चाहते हैं।’’
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में यहां आयोजित तिरंगा यात्रा रैली के बारे में सवाल पर दीपके ने कहा, ‘‘ऐसी रैलियां हमारे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होनी चाहिए लेकिन इसके साथ शिक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए क्योंकि हमारे पास ऐसे वीडियो आ रहे हैं जिनमें लड़कियां यह शिकायत कर रही हैं कि उन्हें अपने स्कूलों तक पहुंचने के लिए सात किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है और वहां कोई सड़क नहीं है।’’
इससे पहले अभियान की घोषणा करते हुए दीपके ने संबंधित गांवों के सरपंचों से उनके क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की मरम्मत करने के लिए पहल करने की अपील की थी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि इन संस्थानों के छात्रों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने ग्रामीणों से अपने बच्चों के स्कूलों का दौरा करने और वहां कोई कमी पाए जाने पर कॉजपा को सूचित करने की भी अपील की।
इससे पहले दीपके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘आजादी के 80 साल बाद भी गांवों के बच्चों को स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के लिए गिड़गिड़ाना नहीं चाहिए। एक देश के रूप में, हम ग्रामीण बच्चों को बुरी तरह से निराश कर चुके हैं। इस स्वतंत्रता दिवस पर, कॉजपा गांवों में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करेगी।’’
