बवाना से लापता 10 वर्षीय लड़के का शव पास के जंगल में मिला

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: छह अक्टूबर (ए) दिल्ली के बवाना इलाके से लापता हुए 10 वर्षीय लड़के का शव एक कब्रिस्तान के पास एक जंगल वाले इलाके में मिला तथा उसके हाथों व पैरों पर चोट के निशान थे। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बच्चे की पहचान इंतजार के रूप में हुई है। उसे आखिरी बार रविवार को बवाना स्थित अपने घर के पास गली में खेलते देखा गया था, जिसके बाद उसके लापता होने की सूचना दी गई।

पुलिस को सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक बच्चे का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद किया।

एक अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत का कारण पता लगाने के लिए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि मौके पर अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया तथा साक्ष्य एकत्र किए गए।

बच्चे के पिता अयूब के अनुसार, इंतजार रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे घर के पास खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया।

परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की और कई लोगों से उसके बारे में पूछताछ की। जब उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।

परिवार ने इलाके में झूला लगाने वाले एक व्यक्ति को भी बच्चे की तस्वीर दिखाई थी। सोमवार दोपहर उस व्यक्ति ने परिवार को बताया कि पास के जंगल में एक बच्चे का शव मिला है, जिसे चरवाहों ने देखा था।

अयूब ने बताया कि परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान इंतजार के रूप में की।

अयूब ने कहा कि बच्चे के शरीर पर चोट के निशान से संदेह है कि उसकी हत्या की गई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और इंतजार पहले कभी जंगल की ओर नहीं गया था। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि वह वहां कैसे पहुंचा।

पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा स्थानीय निवासियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और परिस्थितियों का पता चल सकेगा।