फैक्टरी में लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हुई

राष्ट्रीय
Spread the love

फरीदाबाद: 21 फरवरी (ए)) फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में एक कारखाने में लगी आग में एक उप-निरीक्षक और एक दमकलकर्मी समेत दो और लोगों की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इसके साथ ही 16 फरवरी को लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।मृतकों की पहचान कैथल जिले के निवासी प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर रवि कुमार (33) और फरीदाबाद निवासी फायर ब्रिगेड कर्मचारी भाविचंद (48) के रूप में हुई है। दोनों ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया।रवि की पोस्टिंग मुजेसर पुलिस स्टेशन में थी।

इससे पहले, फैक्ट्री मालिक विजय मोंगा के बेटे अभिषेक मोंगा (37) और फैक्ट्री मजदूर प्रदीप कुमार (21) की गुरुवार रात सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

सोमवार को कालकाजी लुब्रिकेंट्स एंड शिव स्टील कंपनी की कार्यशाला में लगी आग में घायल हुए 37 लोगों में ये चार लोग भी शामिल थे। बताया जाता है कि आग तब लगी जब रसायनों से भरे एक ड्रम में चिंगारी गिर गई, जिससे सिलसिलेवार विस्फोट हुए।

इस घटना के सिलसिले में विजय मोंगा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वह भी घायल हो गया था और दिल्ली के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने कालकाजी लुब्रिकेंट्स और शिव स्टील फैक्ट्रियों के मालिकों और प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जिला उपायुक्त के आदेश पर, घटना की जांच के लिए बडकल के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।

जिन लोगों को मामूली रूप से जलने की चोटें आई थीं, उनका इलाज करके उन्हें छुट्टी दे दी गई है, जबकि शेष घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है