शख्स ने पुजारी से घर में करवाई ‘सत्यनारायण पूजा’,अच्छा परिणाम नहीं आया तो उसने जो किया- जानें पूरा मामला

इंदौर मध्य प्रदेश
Spread the love


इंदौर, 03 अक्टूबर (ए)। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। सोमवार को यहां पुलिस ने जानकारी दी है कि इंदौर में एक पुजारी की पिटाई पूजा कराने वाले लोगों ने इसलिए कर दी क्योंकि सत्यानारायण पूजा के दौरान उसने जो विधि-विधान किये थे उसका उन्हें गलत परिणाम मिल गया। पुजारी का नाम कुंजबिहारी शर्मा बताया जा रहा है जो राजस्थान के कोटा जिले के रहने वाले हैं। चंदानगर पुलिस स्टेशन इंचार्ज अभय नेमा ने पीटीआई को बताया कि उनकी पिटाई पूजा करवाने वाले शख्स और उनके दो बेटों ने बीते गुरुवार की रात को की है। 
उन्होंने कहा, ‘स्कीम नबंर-71 में रहने वाले लोग उन्हें पुलिस थाने में खून से लथपथ हालत में लेकर आए थे। 60 साल के पुजारी को लक्ष्मीकांत शर्मा के घर में पूजा करवाने के लिए बुलाया गया था। पूजा खत्म होने के बाद वो घर चले गये थे। लेकिन देर रात लक्ष्मीकांत शर्मा और उनके बेटों विपुल और अरुण ने पुजारी की पिटाई कर दी। विपुल ने दांत से पुजारी का कान भी काटा। हमलावरों का आरोप था कि पूजा होने के बाद अरुण अजीबोगरीब बर्ताव कर रहा था क्योंकि यह पूजा गलत तरीके से कराई गई थी।
इसके बाद पुजारी को उसके पड़ोसियों ने बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में लक्ष्मीकांत शर्मा और उनके बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। पड़ोसियों का कहना है कि अरुण की शादी नहीं हो पा रही थी। इसीलिए यह पूजा करवाई गई थी।