अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी ठिकानों पर हमले किए, स्पष्ट नहीं कि आगे क्या होगा: अधिकारी

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: तीन नवंबर (एपी) अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर हमले किए हैं। अमेरिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई मंगलवार को होने वाले महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनावों से एक दिन पहले सीमित सैन्य अभियान के रूप में की गई प्रतीत होती है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने अपनी खबर में बताया कि केश्म द्वीप पर विस्फोट की आवाजें सुनी गईं। एक अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर सोमवार को बताया, ‘‘ईरानी अमेरिकी संपत्ति के खिलाफ सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल कर रहे थे जिन्हें निशाना बनाया गया है।’’

ये हमले अमेरिका में महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले हुए हैं, जो काफी सीमित लग रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनालड ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि अमेरिका मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर हमले नहीं करेगा।

ईरान के खिलाफ युद्ध और इसके कारण अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों तथा अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों पर पड़े असर को रिपब्लिकन पार्टी की कमजोरी के रूप में देखा जा रहा है। रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में अपना नियंत्रण बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।

उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि उन्होंने ईरान के साथ बातचीत के संबंध में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति और मुझे दोनों को लगता है कि बातचीत के जरिए किसी समझौते तक पहुंचने की अच्छी संभावना है।’’

वेंस ने पिछले हफ्ते ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई को एक पत्र भेजा था, लेकिन ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) ने इस पत्र की सामग्री के बारे में बहुत कम जानकारी दी है।

ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि यह पत्र ईरान को ‘‘चिकित्सा आपूर्ति और अन्य चीजों’’ में मदद करने के बारे में था, लेकिन सोमवार को वेंस ने संकेत दिया कि इस बात की उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं।