देश में तीसरी लहर की आहट शुरु? दिल्ली-मुंबई में कोरोना केसों में भारी उछाल

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली मुंबई, 25 दिसंबर (ए)। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से देश में कोरोना की तीसरी लहर का आना लगभग तय हो गया है। विशेषज्ञों की ओर से दी गई चेतावनी के मुताबिक ही कोरोना केस तेजी से बढ़ने लगे हैं। पहली और दूसरी लहर में संक्रमण का गढ़ रहे मुंबई और दिल्ली में एक बार फिर कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है। आज फिर इन दोनों महानगरों में कोरोना केसों में काफी तेजी दिखी है, जिससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या तीसरी लहर की शुरुआत हो चुकी है?
दिल्ली में 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 249 नए केस दर्ज किए गए हैं, जोकि 13 जून के बाद सर्वाधिक है। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 0.43 फीसदी हो गई है। राजधानी दिल्ली में पिछले कई दिनों से लगातार कोरोना केस बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 24 घंटे में 249 लोग संक्रमित पाए गए हैं तो 1 मरीज की मौत हो गई है। इस दौरान 96 मरीज स्वस्थ हुए तो एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 934 हो गई है। यहां अब तक कुल 14,43,062 लोग संक्रमित हो चुके हैं तो 25,104 की मौत हो चुकी है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कोरोना की रफ्तार तेज होती जा रही है। 24 घंटे में यहां 757 संक्रमित मिले हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि आज किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। 24 घंटे में 280 मरीज स्वस्थ हुए हैं। यहां एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 3,703 हो गई है। इस बीच महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को साफ कर दिया कि राज्य में लॉकडाउन कब और किस स्थिति में लगाया जाएगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र में लॉकडाउन तभी लगाया जब मेडिकल ऑक्सीजन की मांग 800 मीट्रिंक टन प्रतिदिन हो जाएगी।
एक दिन पहले, राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर रात 9 बजे से सुबह 6 बजे के बीच पांच से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया था और कोरोनो वायरस मामलों में तेजी को देखते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों में लोगों की संख्या को सीमित कर दिया था।