श्रीनगर: 27 अगस्त (ए) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को 11 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों के तबादले के आदेश दिए।
गृह विभाग के आदेश के अनुसार, कश्मीर और जम्मू दोनों क्षेत्र के पुलिस प्रमुखों को बदल दिया गया है।आदेश के मुताबिक, सुजीत कुमार को कश्मीर जोन का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) नियुक्त किया गया है। तेजिंदर सिंह जम्मू जोन के नए आईजीपी होंगे। मौजूदा कश्मीर जोन आईजीपी वी.के. बर्डी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। जम्मू जोन के मौजूदा आईजीपी भीम सेन टुटी का तबादला पुलिस मुख्यालय में आईजी के पद पर किया गया है।एडीजी मुख्यालय एम.के. सिन्हा का भी तबादला किया गया है।उन्हें एडीजी, सीआईडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मौजूदा एडीजी, सीआईडी नितीश कुमार अब एडीजी, सशस्त्र पुलिस का पद संभालेंगे।
