सिपाही की हत्या के आरोपी दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ,-जालौन,14 मई (ए)। यूपी के जालौन में गशत पर निकले सिपाही की गोली मार कर हत्या कर भागे दोनो बदमाशों को रविवार को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह मुठभेड़ जालौन के फैक्ट्री एरिया में हुई है। दोनों बदमाशों ने 10 मई को ड्यूटी के दौरान सिपाही भेदजीत सिंह की हत्या की थी। उरई में फैक्ट्री इलाके में हुई इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर को भी गोली लगी है।
जालौन एसपी ई राजा ने बताया, “हमें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ये दोनों बदमाश उरई के पास फैक्ट्री एरिया में आने वाले हैं। हम लोग मौके पर पहुंच गए। वहां टीमें बनाकर घेराबंदी की। दोनों बदमाशों वहां पहुंचे तो पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसमें उरई एसएचओ के हाथ पर गोली लगी।”
“इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मारे गए एक अपराधी का नाम कल्लू। जबकि दूसरे का नाम रमेश है। दोनों उरई के ही रहने वाले थे।”