इटली में गुरुद्वारे से निकलते समय दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

रोम: 19 अप्रैल (ए)) इटली में बर्गामो प्रांत के कोवो में दो भारतीयों की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वे एक गुरुद्वारे से बाहर निकल रहे थे। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह खबर दी।

यह गुरुद्वारा एक गोदाम में था जिसका इस्तेमाल पूजा स्थल के रूप में किया जा रहा था

‘ला सिसिलिया’ अखबार के अनुसार, यह हमला शुक्रवार को मध्य रात्रि से कुछ देर पहले शहर के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के सामने स्थित चौक में हुआ.

मृतकों की पहचान कोवो निवासी 48 वर्षीय रागिंदर सिंह और एग्नाडेलो निवासी 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है।

अखबार की खबर के अनुसार, हमलावर कथित तौर पर इन लोगों के पास पहुंचा, उसने गोलियां चलाईं और फिर कार में बैठकर फरार हो गया।

खबर में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, अचानक झड़प के बाद हत्या किए जाने की संभावना को खारिज किया गया है।

घटनास्थल से लगभग 10 कारतूस बरामद किए गए हैं और अधिकारी ‘‘सुनियोजित हत्या’’ की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं।

खबर के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने पत्रकारों को बताया कि गोली चलाने वाला ‘‘एक भारतीय’’ था जो अक्सर गुरुद्वारे में आता-जाता था।

उसने बताया कि गोलियां एक अन्य तीसरे व्यक्ति को भी छूकर निकल गईं।