एटा/कासगंज (उप्र): 10 अगस्त (ए) कासगंज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में सावन के दूसरे सोमवार को कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो कांवडि़यों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कासगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओ पी सिंह ने बताया कि आगरा से करीब 30 कांवड़ियों का समूह सोरो के लहरा गंगाघाट से जल लेने के लिए आ रहा था। आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र से लगभग 25-30 कांवड़ियों का एक समूह पिकअप और 10-12 मोटरसाइकिलों से सोरों स्थित लहरा गंगा घाट पर जल लेने जा रहा था। इसी दौरान, उनके साथी हरिगोविन्द (25), विवेक (18) और राहुल (20) जो एक मोटरसाइकिल पर सवार थे। ये अपने समूह से पीछे रह गए।
जब वे अपने साथियों के पास पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, तभी काली नदी पुल के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही कांवड़ियों की ईको कार से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार तीनों कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हरिगोविन्द पुत्र महावीर और राहुल पुत्र जगदीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विवेक पुत्र सुंदर लाल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर आगरा रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी कासगंज आप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे और घायल कांवड़िये का हालचाल जाना।
