निर्माणाधीन मकान की स्लैब गिरने से दो मजदूरों की मौत, एक घायल

उत्तर प्रदेश उन्नाव
Spread the love

उन्नाव (उप्र): 28 अक्टूबर (ए) उन्नाव जिले में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की ‘शटरिंग’ खोलते समय ‘स्लैब’ और सीढ़ियां गिरने से मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत हो गयी तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक यह हादसा गंगाघाट क्षेत्र की घोंघी रौतापुर ग्राम पंचायत में दोपहर करीब पौने दो बजे हुआ।

उपजिलाधिकारी (सदर) राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि कानपुर के मंगला विहार निवासी किशन गुप्ता के निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की ‘शटरिंग’ खोली जा रही थी कि इसी दौरान ‘स्लैब’ और सीढ़ियां अचानक गिर गईं जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में मजदूरों– जयप्रकाश कोरी (35) और सोहन (32) की मौत हो गई तथा सोहन के पिता रामकृपाल घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मलबा हटाने का काम शुरू कराया।

उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये हैं।