गुजरात के राजकोट में ट्रेन की चपेट में आने से दो शेरनियां मारी गईं

राष्ट्रीय
Spread the love

राजकोट: 24 नवंबर (ए) गुजरात के राजकोट जिले में रेलवे पटरी पार करते समय एक ट्रेन की चपेट में आने से दो एशियाई शेरनियां मारी गईं। वन विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

रेंज वन अधिकारी (आरएफओ) हीरेन रतनपारा ने बताया कि घटना सोमवार शाम करीब सात बजकर 50 मिनट पर जेतपुर तालुका में भावनगर-पोरबंदर ब्रॉडगेज रेलमार्ग पर वावड़ी और खिरसरा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर इस तरह की यह पहली ऐसी जानलेवा दुर्घटना है।

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों शेरनियां रेलवे पटरी पार कर रही थीं, तभी ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन तेज रफ्तार से गुजर रही थी और तभी अचानक ये जानवर पटरी पर आ गए।’’

रतनपारा ने बताया कि इस रेलखंड को आधिकारिक तौर पर शेर गलियारा घोषित नहीं किया गया है लेकिन यह इलाका वन्यजीवों की आवाजाही वाले क्षेत्र में आता है। पास में गिरनार जंगल है। अमरेली जिले के शेर भी इस क्षेत्र से गुजरते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में लगभग पांच से सात शेर स्थायी रूप से मौजूद रहते हैं। हालांकि, यहां पहले इस तरह की कोई घटना सामने नहीं आई थी।’’

घटना के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जेतपुर वन विभाग की एक टीम ने वहां पहुंचकर जांच शुरू की।

अधिकारी ने बताया कि दोनों मृत शेरनियों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आसपास कोई अन्य शेर नहीं देखा गया और वनकर्मियों को पहले ही तैनात कर दिया गया था।