कानपुर-फतेहपुर 28 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश के कानपुर से सटे फतेहपुर जिले के मलवां कस्बे में सोमवार शाम को एक घर में गैस सिलेंडर फटने से ढहे एक मकान के मलबे में दबकर दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने ‘ बताया कि मलवां कस्बे में फल और सब्जी विक्रेता सुरेश गुप्ता के घर में शाम करीब पांच बजे गैस के सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ।
उन्होंने बताया कि धमाका इतना भीषण था कि गुप्ता का दो मंजिला मकान ढह गया और परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गये।
मांगलिक ने बताया कि धमाके से आसपास के कई घरों में भी दरारें आ गयीं।
एसपी ने बताया कि सात घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनमें से वेद गुप्ता (आठ), यश गुप्ता (सात), अर्पित गुप्ता (15) और कुणा गुप्ता (18) की मौत हो गयी।
मांगलिक ने कहा कि इस घटना में तीन अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उनमें से एक की हालत नाजुक बतायी जाती है।
