सरकारी हैंडपंप से पानी भरने पर दबंगों ने पड़ोसी को मारी गोली, गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर भी झोंका फायर

उत्तर प्रदेश फतेहपुर
Spread the love

फतेहपुर, 13 अगस्त (ए)। यूपी के फतेहपुर जिले में सरकारी हैंडपंप से एक लोटा पानी भरने से नाराज दबंग भाइयों ने पड़ोसी को गोली मार दी। घायल को नाजुक हालत में सीएचसी पहुंचाया गया, यहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। दबंगों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर भी आरोपित ने गोली चलाई लेकिन फायर मिस हो गया। सगे भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि खखरेरू थाने के नन्दन का पुरवा मजरे चचीड़ा निवासी कमलेश ने गुरुवार शाम घर के पास लगे सरकारी हैंडपंप से एक लोटा पानी भर लिया। इस पर पड़ोसी घसीटे के बेटों श्रीनाथ और विश्वनाथ ने विवाद शुरू कर दिया।
गाली-गलौज के बाद उनमें मारपीट शुरू हो गई। उस समय ग्रामीणों ने मामले को शांत करवा दिया। शुक्रवार सुबह कमलेश मवेशियों को चारा डालने निकला तो दोनों भाइयों ने उसे घेर लिया। बहस के दौरान श्रीनाथ ने कमलेश को गोली मार दी। गोली कमलेश के दाहिने हाथ में जा घुसी। फायरिंग की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। गोलीकांड की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और घेराबंदी कर आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर श्रीनाथ ने पुलिस पर भी फायर कर दिया, हालांकि वह मिस हो गया। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल जाएगा।