वाशिंगटन,एक सितंबर (ए)। अमेरिका के सेना मंत्री डैन ड्रिस्कॉल ने 18 महीने तक पद पर रहने के बाद इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने सोमवार को यह जानकारी दी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के दौरान किसी शीर्ष सैन्य अधिकारी के पद छोड़ने का यह ताजा मामला है। ड्रिस्कॉल के पद छोड़ने से पहले सेना में उनके एक सहयोगी को हटाया गया था और उस ड्रोन कार्यक्रम को भी वापस लिया गया था, जिसके वह प्रमुख समर्थक थे। अमेरिकी सेना के सचिव डैन ड्रिस्कॉल ने सेना की भावी दिशा और कई वरिष्ठ अधिकारियों की बर्खास्तगी को लेकर युद्ध सचिव रक्षामंत्री पीट हेगसेथ के साथ महीनों से चल रहे मतभेदों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक आधिकारिक घोषणा का हवाला देते हुए यह खबर दी है। उम्मीद है कि ड्रिस्कॉल अगले कुछ दिनों में पेंटागन छोड़ देंगे।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने कहा: “सेक्रेटरी ड्रिस्कॉल ने ऐतिहासिक सैन्य अभियानों में उत्कृष्ट नेतृत्व, युद्ध की तैयारी और परिचालन क्षमता पर ध्यान केंद्रित करने, रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता का समर्थन करने और कई अन्य मिशनों के माध्यम से सेना में राष्ट्रपति ट्रम्प के ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ एजेंडा को आगे बढ़ाने में अत्यधिक प्रभावी भूमिका निभाई है।”केली ने आगे कहा: “कमांडर-इन-चीफ, राष्ट्रपति ट्रम्प और जनरल हेगसेथ के साथ काम करने में उनके योगदान के कारण अमेरिकी सेना पहले से कहीं अधिक मजबूत है।”ड्रिस्कॉल सेना के अब तक के सबसे युवा सचिव हैं, जिन्हें उभरती हुई युद्ध प्रौद्योगिकियों के समर्थन के कारण अक्सर राष्ट्रपति ट्रम्प का “ड्रोन विशेषज्ञ” कहा जाता है।
बीबीसी के अनुसार, ड्रिस्कॉल के वर्तमान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस के साथ संबंधों ने उन्हें राष्ट्रपति ट्रम्प के करीब ला खड़ा किया। वैंस के मित्र ड्रिस्कॉल ने सेना में भर्ती होने से पहले एक सरकारी विश्वविद्यालय में पढ़ाई की और फिर प्रतिष्ठित येल विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की। स्नातक होने के बाद दोनों ने वित्त क्षेत्र में काम किया।
