अमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला, जवाबी कार्रवाई में बहरीन, कतर और यूएई निशाने पर

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई: 12 जुलाई (ए)) अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर हमले के जवाब में रविवार तड़के ईरान पर हमला किया। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को निशाना बनाकर हमले किए।

फारस की खाड़ी में दोनों पक्षों के बीच हमलों का यह नया दौर ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान युद्ध को लेकर हुआ अंतरिम समझौता और युद्धविराम अब ‘‘समाप्त’’ हो चुका है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड  ने कहा है कि उसने जॉर्डन में अमेरिका के एक बेस पर मौजूद कमांड और कंट्रोल सेंटर और ड्रोन हैंगर को नष्ट कर दिया है। आईआरजीसी ने कहा है कि यह कार्रवाई ईरान पर अमेरिकी हमले के जवाब में की गई है। इस बीच संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कतर से रिपोर्ट आई हैं कि उन पर भी हमले हो रहे हैं। कतर की राजधानी दोहा में धमाकों की आवाज सुनी गई है। कतर सरकार ने लोगों के मोबाइल पर सुरक्षा अलर्ट भेजा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कतर के आसमान में हमलावर दुश्मन मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट होते देखा गया है। दोहा ने कहा कि उसकी सशस्त्र सेनाओं ने एक मिसाइल हमले को हवा में ही नाकाम कर दिया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने रविवार सुबह ईरान के सैन्य ठिकानों पर बमबारी की थी। सेंट्रल कमांड ने बताया कि उसने ईरान में लगभग 140 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। यह हमले होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कमर्शियल जहाज पर हमले के बाद किए गए। इस हमले में जहाज को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद क्रू ने उसे छोड़ दिया है। एक क्रू के लापता होने की खबर भी आ रही है।अमेरिकी सेना ने कहा कि इन हमलों में ड्रोन साइट, नौसैनिक क्षमताएं, गोला-बारूद रखने की जगहें, कम्युनिकेशन नेटवर्क और तटीय निगरानी केंद्र को निशाना बनाया गया। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने हमले के बाद कहा कि ईरान ने गलत चुनाव किया है और उसे उसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।