वॉशिंगटन: 13 मार्च (ए) ईरान के खिलाफ अभियान में शामिल ईंधन भरने वाला अमेरिका का एक सैन्य विमान इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और बचाव प्रयास जारी हैं। ‘यूएस सेंट्रल कमांड’ ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इस हादसे में कोई हताहत हुआ है या नहीं।
एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त KC-135 विमान में कम से कम पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा कि इस घटना में दो विमान शामिल थे जिनमें से एक सुरक्षित रूप से उतर गया जबकि दूसरा पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एक दूसरे अमेरिकी अधिकारी ने भी नाम न बताने की शर्त पर कहा कि दुर्घटना में शामिल दूसरा विमान भी KC-135 टैंकर था।