अमेरिका: सिएटल में ‘फूड फेस्टिवल’ में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, एक संदिग्ध गिरफ्तार

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

सिएटल: 27 जुलाई (एपी) अमेरिका के सिएटल शहर स्थित ऐतिहासिक टावर ‘स्पेस नीडल’ के पास रविवार शाम आयोजित एक ‘फूड फेस्टिवल’ के दौरान गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य की तलाश कर रही है।

जांचकर्ताओं का मानना है कि दोनों संदिग्ध एक-दूसरे पर गोली चला रहे थे। हालांकि एक संदिग्ध अब भी फरार है, लेकिन सिएटल पुलिस के सहायक प्रमुख टाइरोन डेविस ने रविवार रात एक प्रेसवार्ता में कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब छह बजे सिएटल सेंटर में आयोजित खाद्य महोत्सव ‘बाइट ऑफ सिएटल’ में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

‘बाइट ऑफ सिएटल’ वार्षिक खाद्य महोत्सव की शुरुआत 1982 में हुई थी। आयोजकों की वेबसाइट के अनुसार, इस तीन दिवसीय आयोजन में हर वर्ष लगभग 3.5 लाख लोग आते हैं और भोजन, पेय पदार्थों और सामुदायिक उत्सव का आनंद उठाते हैं।