दुबई: चार मार्च (ए) इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने चेतावनी दी ईरान द्वारा जिसे देश का अगला सर्वोच्च नेता चुना जाएगा, उसका ‘‘खात्मा हमारा लक्ष्य’’ होगा।
काट्ज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘इजराइल के खिलाफ योजना को आगे बढ़ाने, अमेरिका और आजाद दुनिया व क्षेत्र के देशों को धमकाने और ईरानी जनता की आवाज को दबाने के लिए ईरानी आतंकी शासन द्वारा जो भी नेता नियुक्त किया जाएगा, उसका खात्मा हमारा लक्ष्य होगा।’’इजरायल ने मंगलवार को ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट की इमारत को भी निशाना बनाया है, जो नया सुप्रीम लीडर चुनेगी।कई मीडिया रिपोर्ट में दावा कया गया है कि अयातुल्ला खामेनेई के बेटे मोजतबा हुसैनी खामेनेई को ईरान का अगला सुप्रीम लीडर चुना जाना तय है। 36 साल तक देश के सुप्रीम लीडर रहे अली खामेनेई का कोई तय वारिस नहीं था। उनकी मौत के बाद ईरान की तीन सदस्यों वाली काउंसिल सुप्रीम लीडर के नाम पर मोहर लगाएगी। इस बीच
अमेरिका और इजराइल ने ईरान के साथ युद्ध के पांचवें दिन बुधवार को तेहरान और अन्य शहरों पर कई हवाई हमले किए।
इजराइल ने ईरानी नेतृत्व और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया, जिसके जवाब में ईरान ने इजराइल और पूरे क्षेत्र पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए।