झांसी (उप्र) 27 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के बबीना थाना क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन से लौट रही महिला एवं बच्ची की एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार महिला और बच्ची शनिवार रात एक धार्मिक आयोजन से एक ऑटो से लौट रही थी: जो रास्ते में ही खराब हो गया। इसके बाद ये लोग गांव वालों के साथ पैदल ही रेलवे क्रॉसिंग पार कर दूसरी ओर जा रहे थे, तभी यह घटना घटी। बबीना के थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि मध्य प्रदेश के चकरपुर, निवाड़ी निवासी कुछ लोग एक ऑटो में सवार होकर यहां रतौल गांव स्थित कारस देव मंदिर में एक धार्मिक आयोजन में शामिल होने आए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे वहां भंडारा खाने के बाद ये सभी घर लौट रहे थे, तभी रेलवे क्रॉसिंग के पास इनका ऑटो खराब हो गया।
राठौर ने बताया कि ये सभी किसी अन्य वाहन की उम्मीद में पैदल ही रेलवे क्रॉसिंग पार कर उस पार जाने लगे, उसी दौरान एक अनियंत्रित सेना के ट्रक की चपेट में आ जाने के कारण अंगूरी देवी (47) एवं कुमारी सेजल (10) की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के संबंध में विधिक कार्यवाही कर रही है।
