लखनऊ, पांच मार्च (ए)।यूपी में योगी सरकार का मंगलवार की शाम दूसरा कैबिनेट विस्तार हो गया। सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर समेत चार विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। नए मंत्रियों में दो भाजपा और दो सहयोगी दलों के हैं। भाजपा की तरफ से एमएलसी दारा सिंह चौहान और साहिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा को मंत्री बनाया गया है। रालोद से अनिल कुमार को मंत्री बनाया गया है। ओपी राजभर, दारा सिंह चौहान और अनिल कुमार को कैबिनेट पद की शपथ दिलाई गई। सुनील शर्मा को राज्यमंत्री बनाया गया है। सीएम योगी की मौजूदगी में राजभवन के गांधी हाल में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सभी विधायकों को शपथ दिलाई। योगी 2.0 सरकार का यह दूसरा कैबिनेट विस्तार है। अब योगी के मंत्रिमंडल में 56 मंत्री हो गए हैं। फिलहाल मंत्रिमंडल में चार मंत्रियों की जगह अब भी खाली है।
