रायचूर: 21 अगस्त (ए) कर्नाटक के रायचूर जिले में 21 वर्षीय एक युवती का कथित तौर पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 अगस्त को सिरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। शिकायत में कहा गया है कि महिला शाम को शौच के लिए मंदिर की ओर गई थी तभी आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। गैंगरेप के बाद इस डर से हत्या कर दी कि अगर उसे छोड़ा तो वह परिवार और गांववालों को इसके बारे में बता देगी। आरोपियों ने उसे मारकर शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। महिला घर से बाहर शौच के लिए निकली थी और बाद में उसकी लाश एक कुएं में मिली। जब वह वापस नहीं लौटी, तो उसकी मां उसे खोजने निकली और उसे पास ही उसकी चप्पलें और पानी का बर्तन मिला।
परिवार ने पूरी रात अश्विनी को ढूंढा। 20 अगस्त की सुबह उन्हें खबर मिली कि एक कुएं में शव मिला है। परिवार मौके पर पहुंचा और शव की पहचान अश्विनी के तौर पर की।
उसके चेहरे पर चोटें थीं। ऊपरी होंठ फटा हुआ था और कई जगह घाव थे। युवती की लाश नग्न अवस्था में कुएं से बरामद की गई। पीड़िता के पिता थिमारेड्डी ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
