वीरमणि पॉक्सो मामले में चेन्नई के पूर्व पुलिस आयुक्त समेत सात पुलिसकर्मी आरोपी

राष्ट्रीय
Spread the love

चेन्नई: 13 नवंबर (ए) चेन्नई के पूर्व पुलिस आयुक्त ए. अरुण और छह अन्य पुलिसकर्मियों को जेम ग्रेनाइट्स के संस्थापक आर. वीरमणि के खिलाफ दर्ज पॉक्सो मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोपी बनाया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आरोपी बनाए गए पुलिस अधिकारियों में पूर्व ‘एंटी-वाइस स्क्वॉड’ की सहायक आयुक्त एम. ए. यास्मीन भी शामिल हैं। इन सभी के नाम एसआईटी की ओर से दर्ज पहली प्राथमिकी में शामिल किए गए हैं।

उन पर मूल शिकायत की उचित जांच नहीं करने का आरोप है। इसके कारण इस साल की शुरुआत में विशेष अदालत में मामले को बंद करने की रिपोर्ट दाखिल की गई थी।

इसी दौरान एसआईटी ने वीरमणि और उनके दो कार चालकों पार्थिबन तथा बाबू के खिलाफ 14 वर्षीय दलित लड़की के कथित यौन शोषण के मामले में पहला आरोपपत्र भी दाखिल किया।

40 गवाहों के बयानों पर आधारित 720 पन्नों की अंतिम रिपोर्ट 11 नवंबर को उच्च न्यायालय परिसर स्थित पॉक्सो मामलों की विशेष अदालत में दाखिल की गई। मामला 27 सितंबर को दर्ज होने के 46 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल किया गया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, मुख्य आरोपी वीरमणि ने नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया। वहीं, उसके कार चालकों पर अपराध की जानकारी होने के बावजूद पीड़िता को वीरमणि के आवास तक ले जाने और वहां छोड़ने का आरोप है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने 24 सितंबर को ग्रेटर चेन्नई पुलिस आयुक्त की निगरानी में शुरुआती मामले और उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। इसके बाद पीड़िताओं या उनकी माताओं की शिकायतों के आधार पर नौ नाबालिग पीड़िताओं से जुड़े सात नए मामले दर्ज किए गए।

इस नेटवर्क के सिलसिले में वीरमणि के आठ सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है। एसआईटी सात आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अलग से जांच जारी रखे हुए है।