टिहरी के देवप्रयाग में वाहनों की भिड़ंत में एक की मौत, 13 घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

नई टिहरी: 13 नवंबर (ए) उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार को दो वाहनों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

देवप्रयाग के थानाध्यक्ष कृष्णकांत ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीनधारा के समीप हुई जहां पंजाब के श्रद्धालुओं की एक कार और सामने से स्थानीय लोगों को लेकर आ रही एक टैक्सी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को सरकारी और निजी वाहनों से देवप्रयाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

कृष्णकांत ने बताया कि हादसे में टैक्सी में सवार पौड़ी जिले के रहने वाले 69 वर्षीय मदन लाल भट्ट की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी जबकि छह अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार में सवार सभी सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं जो एक ही परिवार के सदस्य हैं। दुर्घटना के समय कार लुधियाना से बदरीनाथ धाम की ओर जा रही थी।

वहीं, कार से टकराने वाली टैक्सी में भी चालक समेत सात लोग सवार थे।

कृष्णकांत ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण कार चालक की लापरवाही लग रही है लेकिन सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।