दुबई: 13 नवंबर (एपी) अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने बहरीन की ओर दागे गये ईरान के दो ड्रोन को नाकाम कर दिया। इससे पहले ईरान के अर्द्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजी) ने बहरीन में स्थापित अमेरिकी पूर्व चेतावनी रडार प्रणाली को निशाना बनाने की बात कही थी।
रिवोल्यूशनरी गार्ड ने यह दावा किया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहा एक टैंकर एक बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया, जिससे उसमें विस्फोट हो गया।हालांकि, आईआरजी के दोनों दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।
अमेरिकी सेना ने बताया कि उसने बहरीन की ओर आ रहे ईरान के दो हमलावर ड्रोन को मार गिराया। इसी के साथ उसने ईरान द्वारा बहरीन में उसके राडार को नष्ट करने के दावे को भी सिरे से खारिज कर दिया।
अमेरिकी सेना के मध्य कमान ने कहा कि ईरान के हमले में जानमाल की कोई हानि नहीं हुई है।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने रिवोल्यूशनरी गार्ड के हवाले से खबर दी कि अमेरिकी रडार प्रणाली पर यह हमला, दक्षिणी ईरानी बंदरगाह सिरिक में एक दूरसंचार टावर पर अमेरिकी हमले के बाद किया गया।
खबरें पढ़ें
बहरीन, ईरान के सबसे कड़े आलोचकों में से एक रहा है और यहां अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है।
आईआरजी के मुताबिक, रडार पर किया गया हमला अमेरिका के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि वह अपने हमले बंद कर दे। सितंबर के बाद से बहरीन में किसी ठिकाने को निशाना बनाने की ईरान की ओर से यह पहली घटना है।
बहरीन के सूचना मंत्रालय ने घटनाक्रम पर टिप्पणी के अनुरोधों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
‘इरना’ ने आईआरजी के हवाले से शुक्रवार को खबर दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश के दौरान, तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) ले जा रहा एक टैंकर बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया।
आईआरजी ने बताया कि जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से से गुजरते समय जहाज ने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, और समुद्र में होने वाली घटनाओं पर नजर रखने वाली ब्रिटिश सैन्य एजेंसी, ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ की ओर से भी इस घटना के बारे में कोई तत्काल रिपोर्ट नहीं मिली है।
एक अलग घटनाक्रम में ईरान-इराक युद्ध समाप्त होने के 38 साल से भी अधिक समय बाद शुक्रवार को ईरान के विभिन्न शहरों में करीब 350 अज्ञात सैनिकों के अवशेषों का अंतिम संस्कार किया गया।
तेहरान में, 110 सैनिकों के अवशेषों के लिए निकाले गए जुलूस में हजारों लोग शामिल हुए। अन्य शहरों में 240 और सैनिकों का अंतिम संस्कार किया गया।
तेहरान विश्वविद्यालय के पास से झंडों से ढके ताबूत ले जा रहे ट्रक गुजरे। उनके आसपास काले कपड़े पहने शोक मनाने वालों की भीड़ जमा थी, जिनमें से कई लोग रो रहे थे। इस जुलूस में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें आईआरजी के कार्यवाहक प्रमुख जनरल मुस्तफा इज़ादी भी शामिल थे।