उप्र में 2022 से 20 मार्च,2023 तक साइबर अपराध के 13,155 मुकदमे पंजीकृत : योगी

राष्ट्रीय
Spread the love

लखनऊ, आठ अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में मंगलवार बताया कि वर्ष 2022 से 20 मार्च 2023 तक राज्य में साइबर अपराध के 13,155 मुकदमे पंजीकृत किये गये हैं। .

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में मंगलवार को प्रश्‍नकाल में समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्‍य अतुल प्रधान के प्रश्‍न के उत्‍तर में मुख्‍यमंत्री की ओर से यह लिखित जानकारी दी गयी।.प्रधान ने अपने तारांकित प्रश्‍न में यह पूछा था कि प्रदेश मे बढ़ रहे साइबर अपराध को रोकने के लिये सरकार ने क्या उपाय किये हैं? क्या सरकार बताएगी कि वर्ष 2022 से 20 मार्च, 2023 तक साइबर अपराध के कितने मुकदमे पंजीकृत हुए हैं और प्राप्त शिकायतों में कितनों का समाधान हुआ है?

मुख्‍यमंत्री ने बताया, “वर्ष 2022 से 20 मार्च, 2023 तक साइबर अपराध के 13155 मुकदमे पंजीकृत किये गये। शिकायती प्रार्थना पत्रों की कुल संख्‍या 27390 में से 21623 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, शेष प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया जा रहा है।”

लिखित उत्तर में योगी ने कहा, “प्रदेश में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु प्रत्येक परिक्षेत्रीय मुख्यालयों पर 18 साइबर क्राइम पुलिस थाने की स्थापना की गयी है एवं प्रदेश के शेष 57 जनपदों में साइबर क्राइम पुलिस थानों की स्थापना की प्रक्रिया प्रचलित है।”

उन्होंने कहा “प्रत्येक जनपद में साइबर अपराध से पीड़ित व्यक्तियों की सहायता हेतु प्रदेश के 1531 थानों पर साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना की गयी है। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं विवेचना हेतु प्रत्येक जनपद में जनपदीय साइबर सेल गठित है।”