कर्नाटक की जीत देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत: प्रियंका गांधी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 13 मई (ए) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत तय नजर आने के बाद शनिवार को प्रदेश की जनता का आभार जताया और कहा कि यह देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है।.

उन्होंने शिमला में संवाददाताओं से कहा, ‘‘सबसे पहले तो मैं कर्नाटक की जनता को दिल से बहुत-बहुत बधाई देना चाहती हूं। कर्नाटक की जनता ने पूरे देश में आज ये संदेश दे दिया है कि जनता अपनी समस्‍याओं के समाधान की राजनीति चाहती है, जनता से जुड़े मुद्दों पर बात होनी चाहिए।’’

उनका कहना था, ‘‘हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक ने यह साबित कर दिया है कि मुद्दों से ध्‍यान भटकाने वाली राजनीति अब नहीं चलेगी। कर्नाटक की जनता ने अपना ध्‍यान एकदम अपने मुद्दों पर केन्द्रित रखा और भ्रष्‍ट सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया।’’

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए धुआंधार प्रचार करने वाली प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए कर्नाटक की जनता को तहे दिल से धन्यवाद। ये आपके मुद्दों की जीत है। यह कर्नाटक की प्रगति के विचार को प्राथमिकता देने की जीत है। यह देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक कांग्रेस के तमाम मेहनती कार्यकर्ताओं व नेताओं को मेरी शुभकामनाएं। आप सबकी मेहनत रंग लाई। कांग्रेस पार्टी पूरी लगन के साथ कर्नाटक की जनता को दी गई गारंटी को लागू करने का काम करेगी। जय कर्नाटक, जय कांग्रेस।’