कर्नाटक में भाजपा को झटका, पूर्व मुख्यमंत्री शेट्टर ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

राष्ट्रीय
Spread the love

बेंगलुरु, 16 अप्रैल (ए) कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताने के बाद असंतुष्ट पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने रविवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पार्टी बनायी, उन्हें पार्टी से बाहर किया जा रहा है।.

छह बार के विधायक शेट्टर ( 67) ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि वह भाजपा भी छोड़ देंगे। इसके बाद कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा ने शेट्टर की भाजपा छोड़ने के फैसले के लिए आलोचना की और कहा कि लोग उन्हें इस कदम के लिए क्षमा नहीं करेंगे।.उत्तर कर्नाटक के एक प्रभावशाली लिंगायत नेता एवं हुब्बालि-धारवाड़ मध्य सीट से विधायक शेट्टर ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने निहित स्वार्थ के चलते इस बार उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारने की साजिश रची।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज जो मूल रूप से भाजपा से हैं उन्हें पार्टी से बाहर किया जा रहा है। आज मैं अपने घर से बाहर हो रहा हूं। मुझे मेरे ही घर से निकाल दिया गया है। इससे मुझे गहरा आघात पहुंचा है। इस पृष्ठभूमि में मैंने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें समायोजित नहीं करने का कोई कारण नहीं बताया है।

शेट्टर ने कहा, ‘‘क्या आयु कारक एक कारण था? नहीं। क्या कोई स्वास्थ्य समस्या थी? मेरा स्वास्थ्य अच्छा है। क्या मैं कोई क्लब चलाता था या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था या क्या मैं उपद्रवी हूं? ऐसा कुछ नहीं था। कोई सीडी (सेक्स स्कैंडल) नहीं था।’’

पार्टी में अपने योगदान को याद करते हुए, शेट्टर ने कहा कि उन्होंने पिछले 30 वर्षों से इसे बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम किया और भाजपा ने भी उन्हें पद और सम्मान दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे काम की वजह से ग्रामीण इलाकों में पार्टी की मौजूदगी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी मजबूत हुई है।’’

येदियुरप्पा के एक बयान के बारे में पूछे जाने पर शेट्टर ने सवाल किया कि येदियुरप्पा ने (एक दशक से अधिक पहले) भाजपा क्यों छोड़ी थी और कर्नाटक जनता पार्टी का गठन किया। ( येदियुरप्पा बाद में भाजपा में लौट आए थे)। येदियुरप्पा ने कहा था कि पार्टी ने शेट्टर को सत्ता और पद दिया, लेकिन इसके बावजूद वह संगठन छोड़ रहे हैं।