किसानों की ‘महापंचायत’ के कारण मध्य दिल्ली में यातायात का फूला दम

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 14 मार्च (ए) केंद्र की कृषि क्षेत्र संबंधी नीतियों के विरोध में किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को ‘किसान मजदूर महापंचायत’ का आयोजन किया, जिसके मद्देनजर मध्य दिल्ली और सराय काले खां में यातयात का बुरा हाल रहा।

राजधानी में वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई, जिसके परिणामस्वरूप आईटीओ, दिल्ली गेट, दरियागंज और सराय काले खां के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-24 समेत विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक जाम हो गया।

पुलिस ने यात्रा परामर्श जारी कर लोगों को मध्य दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कों से बचने का सुझाव दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की सीमाओं पर तैनात अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। किसानों को अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ राजधानी में प्रवेश नहीं करने को कहा गया है।

दिल्ली पुलिस ने किसानों को इस शर्त पर महापंचायत की अनुमति दी है कि इसमें 5000 से अधिक लोग इकट्ठा नहीं होंगे, कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं लाई जाएगी और रामलीला मैदान तक कोई मार्च नहीं निकाला जाएगा।

तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर 2020-21 में हुए किसान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा है कि वह रामलीला मैदान में ‘किसान मजदूर महापंचायत’ आयोजित करेगा, जिसमें सरकार की नीतियों के खिलाफ ‘लड़ाई तेज करने’ का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

एसकेएम ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस ने उसे 14 मार्च को रामलीला मैदान में महापंचायत आयोजित करने तथा दिल्ली नगर निगम प्रशासन के सहयोग से पार्किंग स्थल और पानी, शौचालय व एम्बुलेंस जैसी अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया है।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम. हर्ष वर्धन ने ‘ बताया कि पांच हजार से अधिक लोगों के न जुटने की शर्त पर महापंचायत की अनुमति दी गई है।

उन्होंने बताया कि किसानों ने उन्हें शपथ पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वे ट्रैक्टर और कोई हथियार नहीं लाएंगे और दिल्ली में कोई मार्च नहीं करेंगे।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसानों को दोपहर ढाई बजे के बाद अपना कार्यक्रम समाप्त होते ही मैदान खाली करने के लिए कहा गया है।

उन्होंने कहा कि अगर वे वादे का पालन नहीं करते हैं और दिल्ली में कानून-व्यवस्था तोड़ते हैं, तो सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

डीसीपी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि एसकेएम के नेता वादे का पालन करेंगे।”

पुलिस ने कहा कि बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान में किसानों के एकत्र होने के कारण दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में यातायात प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली यातायात पुलिस के बयान के मुताबिक महापंचायत के कारण जवाहरलाल नेहरू मार्ग, बाराखंभा रोड, बहादुरशाह जफर मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग, आसफ अली रोड, जय सिंह रोड, स्वामी विवेकानंद मार्ग, संसद मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, बाबा खड़ग सिंह मार्ग, मिंटो रोड, अशोक रोड, महाराजा रणजीत सिंह फ्लाईओवर, कनॉट सर्कस, भवभूति मार्ग, डीडीयू मार्ग और चमन लाल मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है।